राजधानी के शास्त्री नगर में 1 जुलाई की रात सात साल की बच्ची से रेप के आरोपी की गिरफ्तारी का आखिरकार पुलिस ने शनिवार को खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार नाई की थड़ी पर रहने वाला आरोपी बच्चियों से दुष्कर्म करने का आरोपी है। पहले पुलिस कमिश्नरेट बुधवार को ही गिरफ्तारी का खुलासा करने वाली थी, लेकिन आरोपी के बार-बार बयान बदलने से पुलिस को तस्दीक करने में कई प्रकार की समस्याएं सामने आ रही थी। पुलिस ने बलात्कार के मामले में सबूतों की कड़ी से कड़ी जोड़कर खुलासा किया है। पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है।
वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस कमिश्नर आनन्द श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी जीवाणु उर्फ सिकन्दर नाई की थड़ी पर रहता था। उसे कोटा के भीमगंज मंडी से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी आदतन अपराधी है और पहले भी सजा काट चुका है। पुलिस अभी आरोपी से गहनता से पूछताछ कर रही है। पुलिस को आरोपी से और भी वारदातें खुलने की उम्मीद है।
पुलिस पर था भारी दबाव
शास्त्री नगर में बलात्कार की एक के बाद एक तीन घटनाओं से पुलिस की कार्यशैली पर काफी दबाव था। इसके चलते पुलिस मामले में फूंक-फूंक कर कदम उठा रही थी। इसी के चलते पुलिस ने दो बार प्रेस कांफ्रेंस भी टाल दी थी। जिसके चलते शहर में पुलिस की कार्यशैली पर काफी सवाल उठने लगे थे। वहीं पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करके राहत की सांस ली है।
लोकसभा में गूंजा मामला
गौरतलब है कि जयपुर के शास्त्री नगर में दुष्कर्म की घटना और प्रदेश में बढ़ते महिला अपराधों का मुद्दा लोकसभा में भी उठा था। राजसमंद सांसद दिया कुमारी ने प्रदेश में बढ़ते अपराधों का जिक्र करते हुए कहा था कि प्रदेश में लगातार कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ रही है। जयपुर में धारा 144 लागू करनी पड़ी है।
0 comments:
Post a Comment